उत्तराखंड के चार गांवों को मिलेगा सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम पुरस्कार, केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय करेगा सम्मानित, CM धामी ने दी बधाई

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उत्तराखंड को पर्यटन प्रदेश बनाने की मुहिम रंग ला रही है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय 27 सितंबर को उत्तराखंड के चार गावों को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम पुरस्कार से सम्मानित करेगा। आगामी 27 सितंबर को नई दिल्ली में यह पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।

उत्तरकाशी जिले के जखोल गांव को साहसिक पर्यटन, हर्षिल गांव को वाइब्रेंट विलेज, पिथौरागढ़ जिले के सीमान्त गुंजी गांव को वाइब्रेंट विलेज और नैनीताल जिले के सूपी गांव को कृषि पर्यटन के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम पुरस्कार के लिए चुना गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सम्मान के लिए राज्य के चार गांवों और वहां के ग्राम वासियों को बधाई दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के पर्यटन विकास में आम जनता की अहम भूमिका है। उत्तराखंड को पर्यटन प्रदेश के रूप में स्थापित करने के लिए प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। इसके लिए कई योजनाएं लागू की गई हैं। लेकिन राज्य की देवतुल्य जनता के सहयोग से ही यह लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

1-उत्तरकाशी जिले का जखोल गांव साहसिक पर्यटन के लिए चुना गया है, जो अपनी ऊंचाई, खूबसूरत प्राकृतिक दृश्यों और चुनौतीपूर्ण ट्रेकिंग रूट्स के लिए जाना जाता है। साहसिक गतिविधियों के शौकीनों के बीच यह गांव तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

2-उत्तरकाशी जिले का ही हर्षिल गांव ‘वाइब्रेंट विलेज’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा हर्षिल अपनी प्राकृतिक सुंदरता, बर्फ से ढके पहाड़ों और सेब के बागानों के लिए प्रसिद्ध है।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

3- पिथौरागढ़ जिले के  गुंजी गांव को भी  ‘वाइब्रेंट विलेज’ के रूप में सम्मानित किया जाएगा।  गुंजी गांव, जो चीन और नेपाल सीमा के निकट स्थित है, अपनी सामरिक और सांस्कृतिक महत्व के कारण विशेष स्थान रखता है। इस  गांवों में स्थानीय संस्कृति और आधुनिकता का संगम देखने को मिलता है।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

4- नैनीताल जिले का सूपी गांव कृषि पर्यटन के लिए पुरस्कृत होगा। सूपी गांव अपनी पारंपरिक कृषि पद्धतियों और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर के लिए जाना जाता है। कृषि पर्यटन को बढ़ावा देने के तहत यहां पर्यटकों को ग्रामीण जीवन और खेती से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त किया जा सके।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

गौर हो कि पर्यटन मंत्रालय भारत सरकार द्वारा हर वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ पर्यटन ग्राम प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। संस्कृति और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण, समुदाय आधारित मूल्यों व जीवन शैली को बढ़ावा देने एवं आर्थिक, सामाजिक और पर्यावरणीय स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता को इसमें परखा जाता है। इन्हीं विषयों पर प्रविष्टियां आमंत्रित की जाती हैं।


Spread the love