पौड़ी आत्महत्या केस: भाजयुमो प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली पद से हटाए गए, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Our News, Your Views

पौड़ी आत्महत्या केस: भाजयुमो प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली पद से हटाए गए, पुलिस ने किया गिरफ्तार

जमीन सौदे में 35 लाख हड़पने का आरोप, युवक ने वीडियो जारी कर दी थी जान

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में 32 वर्षीय युवक जितेंद्र सिंह की आत्महत्या मामले ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। आत्महत्या से पहले जितेंद्र ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश मंत्री हिमांशु चमोली सहित कुछ लोगों पर जमीन के सौदे में 35 लाख रुपये हड़पने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने हिमांशु चमोली समेत पांच लोगों को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना मंगलवार (21 अगस्त) को पौड़ी ब्लॉक के तलसारी गांव में हुई। यहां जितेंद्र सिंह ने अपनी कार में सिंगल बोर बंदूक से खुद को गोली मार ली। मौके से कारतूस का खोखा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, गोली उसके गले पर लगी थी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक का परिवार देहरादून के भानियावाला में रहता है।

वीडियो में जितेंद्र सिंह ने हिमांशु चमोली पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि उसने जमीन के सौदे के लिए 35 लाख रुपये कैश में दिए थे। इसके अलावा, चमोली ने फोन खरीदने और दफ्तर खोलने के नाम पर भी उससे पैसे लिए। जितेंद्र ने आरोप लगाया था कि चमोली ने उसके ऊपर हमला करने वाले लोगों से भी मिलीभगत की थी।

वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा संगठन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हिमांशु चमोली को प्रदेश मंत्री पद से हटा दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि जैसे ही विवाद पार्टी के संज्ञान में आया, चमोली को तत्काल प्रभाव से पद से मुक्त कर दिया गया। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत ने भी इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी किया। भट्ट ने कहा कि भाजपा अनुशासन और शुचिता वाली पार्टी है, यहां सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

उधर, कांग्रेस ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने कहा कि वीडियो में जितेंद्र ने साफ तौर पर हिमांशु चमोली को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। अब सवाल यह है कि क्या भाजपा सरकार और पुलिस में इतना साहस है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिला सके, या यह मामला भी सत्ता और दबंगई की भेंट चढ़ जाएगा।

फिलहाल, पौड़ी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Our News, Your Views