राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 नवंबर को उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को करेंगी संबोधित
देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 3 और 4 नवंबर को आयोजित होने वाले विशेष सत्र की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं। इस ऐतिहासिक सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 नवंबर को सुबह 11 बजे विधानसभा को संबोधित करेंगी। यह उत्तराखंड विधानसभा के इतिहास में दूसरी बार होगा जब किसी राष्ट्रपति का विशेष अभिभाषण होगा। इससे पहले मई 2015 में पूर्व राष्ट्रपति स्व. प्रणब मुखर्जी ने विशेष सत्र को संबोधित किया था।
राष्ट्रपति मुर्मू तीन दिन के उत्तराखंड दौरे पर रहेंगी। वह 2 नवंबर को हरिद्वार में एक कार्यक्रम में शामिल होंगी और 3 नवंबर को देहरादून पहुंचकर विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। इसके बाद उनका नैनीताल जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
विधानसभा सचिवालय सत्र की तैयारियों में जुटा हुआ है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने बताया कि यह सत्र राज्य की विकास यात्रा और भविष्य की दिशा पर मंथन का महत्वपूर्ण अवसर होगा। विशेष सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा, जबकि अगले सत्र में राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विशेष सत्र में कोई विधायी कार्य नहीं होगा।
रजत जयंती वर्ष में आयोजित यह विशेष सत्र राज्य की उपलब्धियों और आगामी विकास योजनाओं पर संवाद का महत्वपूर्ण मंच बनने जा रहा है।
