देहरादून में SSC MTS परीक्षा में हाई-टेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, अंडरग्राउंड चैम्बर बनाकर कराया जा रहा था पेपर हल

Our News, Your Views

देहरादून में SSC MTS परीक्षा में हाई-टेक नकल गिरोह का भंडाफोड़, अंडरग्राउंड चैम्बर बनाकर कराया जा रहा था पेपर हल

देहरादून | 15 फरवरी 2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘नकल मुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत राज्य स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने एक बड़े अंतर्राज्यीय नकल गिरोह का पर्दाफाश किया है। 13 फरवरी 2026 को आयोजित SSC मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) एवं हवलदार भर्ती परीक्षा के दौरान अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर अभ्यर्थियों को नकल कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

अंडरग्राउंड चैम्बर में छिपाया गया था पूरा सिस्टम

एसटीएफ द्वारा देहरादून स्थित महादेव डिजिटल जोन (MKP इंटर कॉलेज) परीक्षा केंद्र पर छापेमारी के दौरान बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ। जांच में पाया गया कि परीक्षा केंद्र के यूपीएस रूम के एक कोने में लगभग 24×24 इंच का अंडरग्राउंड चैम्बर बनाया गया था।

इस चैम्बर को ऊपर से ढक्कन लगाकर सेफ्टी टैंक जैसा स्वरूप दिया गया था, ताकि किसी को इस पर संदेह न हो। इसके भीतर सीमेंट प्लास्टर के नीचे डेडिकेटेड लीज लाइन कनेक्शन, दो लैपटॉप और नेटवर्किंग उपकरण छिपाकर रखे गए थे।

रिमोट एक्सेस से हल किया जा रहा था प्रश्नपत्र

एसटीएफ के अनुसार, आरोपियों द्वारा RealVNC जैसे रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर का उपयोग कर परीक्षा हॉल के कंप्यूटरों का नियंत्रण अपने सिस्टम से लिया जा रहा था। इसके माध्यम से बाहरी स्थान से प्रश्नपत्र हल कर अभ्यर्थियों को पास कराने की साजिश रची जा रही थी।

10 लाख रुपये प्रति अभ्यर्थी वसूलने की मांग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (STF) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह गिरोह अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के बदले प्रत्येक उम्मीदवार से 10 लाख रुपये तक की रकम मांगता था। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश STF की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—

  • नीतिश कुमार (निवासी देवरिया, उत्तर प्रदेश)

  • भास्कर नैथानी (निवासी देहरादून)

—के रूप में हुई है।

एसएसपी STF नवनीत सिंह भुल्लर ने कहा,

“मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों और डीजीपी दीपम सेठ के कार्यभार संभालने के बाद संगठित नकल माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। मामले की विवेचना अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी।”

मौके से बरामद हुए कई डिजिटल उपकरण

एसटीएफ ने छापेमारी के दौरान मौके से निम्न उपकरण बरामद किए—

  • 02 डेल लैपटॉप

  • डिजीसोल राउटर

  • ईथरनेट कनेक्टर

  • 04 मोबाइल फोन

  • नेटवर्किंग से संबंधित अन्य उपकरण

पुलिस ने परीक्षा केंद्र को सील कर दिया है और सभी तकनीकी साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा (नकल निवारण) अधिनियम, 2023 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


Our News, Your Views