नैनीताल और उत्तरकाशी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

Our News, Your Views

नैनीताल और उत्तरकाशी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, ई-मेल के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

नैनीताल/उत्तरकाशी। उत्तराखंड के नैनीताल और उत्तरकाशी जिलों में जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। दोनों स्थानों पर ई-मेल के जरिए धमकी मिलने की सूचना है। जानकारी मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं तथा न्यायालय परिसरों को खाली कराकर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

नैनीताल जिला न्यायालय को धमकी

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऑल इंडिया जजेस संगठन को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ई-मेल की सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।

जिला बार एसोसिएशन नैनीताल के अध्यक्ष भागवत प्रसाद ने बताया कि ई-मेल के माध्यम से धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल अवगत करा दिया गया।

वहीं नैनीताल एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि ई-मेल के जरिए जिला एवं सत्र न्यायालय में बम होने की सूचना मिली थी। इसके बाद कोर्ट परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया गया और बम निरोधक दस्ते सहित अन्य एजेंसियों द्वारा व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया। अब तक की जांच में किसी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई है।

उत्तरकाशी जिला न्यायालय भी निशाने पर

नैनीताल के अलावा उत्तरकाशी जिला न्यायालय को भी इसी तरह की धमकी मिली। सूचना मिलते ही जिला जज के निर्देश पर पूरे न्यायालय परिसर को एहतियातन खाली कराया गया। पुलिस और इंटेलिजेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया।

नगर कोतवाल भावना कैंथोला के अनुसार, जिला कोर्ट को ई-मेल के माध्यम से परिसर में आरडीएक्स होने की सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही सुरक्षा के मद्देनजर पूरा परिसर खाली करवाकर जांच शुरू की गई। फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

प्रशासन अलर्ट मोड में

दोनों जिलों में एक साथ न्यायालय परिसरों को धमकी मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। अदालत परिसरों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और ई-मेल की सत्यता व स्रोत की जांच साइबर टीम द्वारा की जा रही है।

फिलहाल दोनों ही स्थानों पर किसी भी प्रकार की विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने तक सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में बनी हुई हैं।


Our News, Your Views