11 नए स्थानों पर 1082 वाहनों की पार्किंग सुविधा जल्द, जाम से राहत की तैयारी

Our News, Your Views

11 नए स्थानों पर 1082 वाहनों की पार्किंग सुविधा जल्द, जाम से राहत की तैयारी

देहरादून: पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आवास विभाग प्रदेश के बड़े शहरों, तीर्थस्थलों और पर्यटन केंद्रों पर बढ़ती यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर पार्किंग सुविधाएं विकसित कर रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के 11 स्थानों पर निर्माणाधीन पार्किंग परियोजनाएं लगभग 80 प्रतिशत पूर्ण हो चुकी हैं, जहां इस वित्तीय वर्ष के भीतर 1082 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

195 प्रस्ताव, 114 डीपीआर को मंजूरी

मुख्यमंत्री के निर्देश पर विकास प्राधिकरणों के माध्यम से बड़े शहरों और प्रमुख तीर्थ-पर्यटन स्थलों पर युद्धस्तर पर पार्किंग निर्माण की कार्ययोजना तैयार की गई। इसके तहत 195 स्थानों से प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें सरफेस पार्किंग, मल्टीलेवल पार्किंग और टनल पार्किंग जैसे विकल्प शामिल थे।

आवास विभाग अब तक 114 स्थानों की डीपीआर को मंजूरी दे चुका है और संबंधित बजट भी जारी किया जा चुका है।

पहले चरण में 3244 वाहनों की सुविधा शुरू

परियोजना के प्रथम चरण में 54 स्थानों पर कुल 3244 वाहनों की पार्किंग सुविधा शुरू की जा चुकी है। इन स्थानों पर पार्किंग सेवाएं संचालित हो रही हैं।

दूसरे चरण में 11 स्थानों पर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है, जिससे 1082 वाहनों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त विकास प्राधिकरण अपने संसाधनों से 11 अन्य स्थानों पर पार्किंग का निर्माण कर रहे हैं, जहां 359 वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जाएगी।

सचिव आवास के निर्देश

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने सभी विकास प्राधिकरणों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आगामी यात्रा सीजन से पहले सभी चिन्हित स्थानों पर पार्किंग सुविधा शुरू करने को कहा है।

साथ ही पार्किंग स्थलों पर शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा निर्माण गुणवत्ता के मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जाम से राहत की उम्मीद

उत्तराखंड में प्रतिवर्ष करोड़ों श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। सड़क नेटवर्क में सुधार और निजी वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात दबाव बढ़ा है। सरकार का मानना है कि चरणबद्ध तरीके से विकसित हो रही इन पार्किंग सुविधाओं से प्रमुख शहरों और तीर्थ स्थलों पर जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।


Our News, Your Views