देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया गया, पुलिस जांच में जुटी

Our News, Your Views

देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर खाली कराया गया, पुलिस जांच में जुटी

देहरादून: देहरादून स्थित जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल जिला जज कार्यालय को प्राप्त हुआ, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत अलर्ट हो गया।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

सूचना मिलते ही एसएसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। एहतियात के तौर पर सभी जजों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को कोर्ट परिसर से बाहर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया तथा पूरे परिसर को खाली कराकर बैरिकेडिंग कर दी गई।

पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच में जुटीं

प्रारंभिक जांच में धमकी देने वाले ईमेल के पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस और खुफिया एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

बार एसोसिएशन देहरादून के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल परिसर खाली कराकर जांच शुरू की।

प्रदेश के कई न्यायालयों को मिल चुकी है धमकी

उत्तराखंड में हाल के दिनों में कई जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार के न्यायालय परिसरों को भी इसी तरह के धमकी भरे मेल प्राप्त हुए थे।

हालांकि इन सभी मामलों में पुलिस और बम निरोधक दस्तों द्वारा की गई जांच में कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस इन घटनाओं को असामाजिक तत्वों की शरारत के रूप में भी जांच के दायरे में रखकर कार्रवाई कर रही है।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, जांच जारी

पुलिस ने कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही ईमेल के स्रोत और जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान के लिए साइबर सेल और खुफिया एजेंसियों की मदद ली जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।


Our News, Your Views