वायरल बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री धामी का दून अस्पताल में औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

Our News, Your Views

वायरल बीमारियों के बढ़ते मामलों के बीच मुख्यमंत्री धामी का दून अस्पताल में औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार बदल रहे मौसम के कारण वायरल बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय पहुंच रहे हैं। बढ़ते मरीज भार और समय-समय पर सामने आई व्यवस्थागत शिकायतों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार देर रात अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।

चित्र साभार -सोशल मीडिया

इमरजेंसी से वार्ड तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने अस्पताल के आपातकालीन कक्ष, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण केंद्र, जांच सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अन्य सुविधाओं की स्थिति के बारे में फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से पूछा कि सरकार द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णयों को किस प्रकार धरातल पर लागू किया गया है और मरीजों को उनका लाभ मिल रहा है या नहीं।

लापरवाही पर सख्त चेतावनी, बेहतर सेवाओं पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में स्वच्छता, चिकित्सकीय स्टाफ की नियमित उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और जांच सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से गंभीर मरीजों के उपचार में सतर्कता बरतने और तीमारदारों को समय पर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को समय पर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। सरकारी अस्पतालों की सुविधाओं को निजी अस्पतालों के समकक्ष बेहतर और भरोसेमंद बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए संसाधनों का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार लगातार संसाधनों का विस्तार कर रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों।

देर रात हुए इस औचक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन में सक्रियता बढ़ गई और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने की प्रक्रिया तेज हो गई है।


Our News, Your Views