‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान 45 दिन बाद सम्पन्न, 681 शिविरों में 5.33 लाख लोगों की भागीदारी
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ विशेष अभियान 45 दिन की अवधि के बाद शुक्रवार को सम्पन्न हो गया। राज्य सरकार के अनुसार इस दौरान कुल 681 शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 5,33,452 नागरिकों ने प्रत्यक्ष रूप से भाग लेकर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उठाया और अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, अभियान के अंतिम दिन यानी शुक्रवार को भी 11 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें 8,209 नागरिकों ने सहभागिता की।
33 हजार से अधिक शिकायतों का मौके पर निस्तारण
अभियान के दौरान प्रदेशभर से कुल 51,053 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 33,755 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रकार के प्रमाणपत्रों के लिए 74,184 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। वहीं, करीब तीन लाख लोगों ने विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ लिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर शिकायतों का समाधान करे। इसी सोच के तहत दिसंबर माह से यह विशेष अभियान शुरू किया गया था, जो 20 फरवरी तक लगातार 45 दिनों तक चला।
मुख्यमंत्री ने इसे सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि भले ही यह विशेष अभियान समाप्त हो गया हो, लेकिन प्रशासन आगे भी जनता के संपर्क में रहकर शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सक्रिय रूप से आगे बढ़कर जन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
