देहरादून में होली से पहले बड़ी कार्रवाई, मावा-पनीर के 8 नमूने जांच को भेजे
देहरादून। होली के त्योहार से पहले राजधानी में मिलावटखोरी पर शिकंजा कसते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने शुक्रवार तड़के बड़ी कार्रवाई की। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सचिन कुर्वे के निर्देश पर सुबह करीब 5 बजे उपायुक्त (गढ़वाल मंडल) आर.एस. रावत के नेतृत्व में टीम ने हनुमान चौक स्थित मावा मंडी और विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों में सघन छापेमारी की।
मावा मंडी में हड़कंप, 7 नमूने लिए
अचानक हुई कार्रवाई से मंडी क्षेत्र में हड़कंप मच गया। टीम ने अनिल मावा भंडार, अंबिका डेयरी, गढ़वाल मावा भंडार और टीला राम एंड संस का निरीक्षण किया। संदेह के आधार पर खुले मावा और पनीर के 7 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए।
कार्रवाई के दौरान विभाग की सख्ती देखते हुए कुछ बड़े मावा व्यापारियों—जैन, लक्ष्मी और जायसवाल—ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए और मौके से चले गए।
नेहरू कॉलोनी में ‘एनालॉग पनीर’ का नमूना
मंडी क्षेत्र के बाद टीम ने नेहरू कॉलोनी स्थित डेरियों की जांच की। श्री गोपाल डेयरी के निरीक्षण के दौरान संदेह होने पर ‘एनालॉग पनीर’ (कथित नकली पनीर) का नमूना लिया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना ने बताया कि अभियान के तहत कुल 8 नमूने (4 पनीर और 4 मावा) एकत्र कर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टीम में ये अधिकारी रहे शामिल
इस अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (नगर निगम) रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी (विकासनगर) संजय तिवारी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी (मसूरी) कपिल देव प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अभियान रहेगा जारी
विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान आमजन की सेहत से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनपद देहरादून में मिलावट के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
