महिलाओं के अधिकारों की रक्षा को प्रतिबद्ध महिला आयोग, सोशल मीडिया मामलों का भी ले रहा स्वतः संज्ञान

Our News, Your Views

महिलाओं के अधिकारों की रक्षा को प्रतिबद्ध महिला आयोग, सोशल मीडिया मामलों का भी ले रहा स्वतः संज्ञान

देहरादून। Uttarakhand State Commission for Women की अध्यक्ष Kusum Kandwal ने कहा कि राज्य सरकार और महिला आयोग प्रदेश में महिलाओं के अधिकारों की रक्षा तथा उन्हें न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

सोमवार को मीडिया सेंटर, सचिवालय, Dehradun में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि आयोग महिलाओं से संबंधित घटनाओं और समस्याओं पर सोशल मीडिया के माध्यम से भी स्वतः संज्ञान लेकर तत्काल कार्रवाई कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पहले सामने आए अधिकांश मामलों में यह पाया गया है कि संबंधित पक्ष एक-दूसरे के परिचित रहे हैं। ऐसे में वर्तमान समय में अभिभावकों के लिए यह आवश्यक हो गया है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी रखें और उन्हें जागरूक करें।

कुसुम कंडवाल ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना या समस्या की स्थिति में वे निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दें। साथ ही महिलाओं को Gaura Shakti App डाउनलोड करने और आवश्यकता पड़ने पर महिला आयोग के दूरभाष नंबरों पर संपर्क करने की सलाह भी दी गई।

उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिला आयोग द्वारा प्रदेश में पारिवारिक विवादों के समाधान और महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से सभी 13 जनपदों में 13 मार्च 2026 तक ‘महिला जनसुनवाई’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय सभागार, देहरादून में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 25 मामले दर्ज किए गए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेज दिया गया।

प्रेस वार्ता के दौरान महिला आयोग की सदस्य विमला नैथानी भी उपस्थित रहीं।


Our News, Your Views