देहरादून में LPG की कालाबाजारी पर सख्ती, डीएम के निर्देश पर गैस एजेंसी के सिलेंडर जब्त, मुकदमा दर्ज
देहरादून।
देहरादून जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। जिलाधिकारी Savin Bansal के निर्देश पर जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का गठन किया गया है, जो गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण की स्थिति पर नजर रख रही है।
जिलाधिकारी को शिकायत मिली थी कि Shaheed Heera Gas Service (नयागांव पेलियो, शिमला बाईपास रोड) द्वारा जिला प्रशासन के होम डिलीवरी संबंधी आदेशों की अनदेखी करते हुए उपभोक्ताओं को सीधे एजेंसी से गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे हैं। इससे एजेंसी परिसर में भारी भीड़ जमा हो रही थी और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बन रही थी।
शिकायत के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम विकासनगर विनोद कुमार क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि एजेंसी द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने के बजाय ट्रक के माध्यम से गोदाम से ही वितरण किया जा रहा था। इसके बाद प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया।
प्रशासन ने संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ Essential Commodities Act 1955, Disaster Management Act 2005 और भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं के तहत थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज किया है। जब्त सिलेंडरों को जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अब जिले की सभी गैस एजेंसियों और गोदामों पर होम डिलीवरी से संबंधित फ्लेक्स और सूचना पट्ट चस्पा किए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को नई व्यवस्था की जानकारी मिल सके। प्रशासन का कहना है कि इस व्यवस्था के लागू होने से एजेंसियों और गोदामों पर लगने वाली भीड़ में कमी देखी जा रही है।
प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही उपलब्ध कराया जाए और वितरण के समय ओटीपी आधारित सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम में गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 जारी किए गए हैं। शाम पांच बजे तक एलपीजी आपूर्ति से संबंधित कुल 111 शिकायतें दर्ज हुईं, जिन पर जिला खाद्य पूर्ति विभाग द्वारा तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में बीते दिन करीब 18,120 घरेलू उपभोक्ताओं और 21 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। हालांकि घरेलू गैस सिलेंडरों का लगभग 75 हजार का बैकलॉग अभी भी बना हुआ है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराहट में अनावश्यक भीड़ न लगाएं। जिले में गैस की पर्याप्त और निरंतर आपूर्ति की जा रही है तथा व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
