चंपावत में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, तीन नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
चंपावत जिले में नाबालिग किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों में एक स्थानीय राजनीतिक संगठन से जुड़ा पूर्व पदाधिकारी भी बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच एसआई प्रियंका मौर्या को सौंपी है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़िता अपने पिता के साथ इलाज के सिलसिले में चंपावत आई थी। बाद में वह एक परिचित के माध्यम से विवाह समारोह में शामिल होने गई थी। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने और संपर्क न होने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी।
शिकायत के मुताबिक, युवती को अगले दिन सुबह एक कमरे से बरामद किया गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि तीन युवकों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। परिजनों का आरोप है कि घटना के दौरान धारदार हथियारों का भय दिखाया गया तथा युवती को कमरे में बंद कर आरोपी फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। मामले को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
रेखा यादव ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल परीक्षण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
