केदारघाटी में मौसम बिगड़ने से दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

Our News, Your Views

केदारघाटी में मौसम बिगड़ने से दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग, सभी यात्री सुरक्षित

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के बीच सोमवार को केदारघाटी में अचानक मौसम खराब होने से दो हेलीकॉप्टरों की एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। घना कोहरा और कम दृश्यता होने के कारण पायलटों ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि खेल मैदान स्थित हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग की। राहत की बात यह रही कि दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार सभी यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार, हिमालयन हेली सेवा का एक हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से सिरसी की ओर जा रहा था, जबकि इंडो कॉप्टर कंपनी का दूसरा हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्रधारा से फाटा के लिए उड़ान पर था। शाम करीब सवा पांच बजे गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट बदल ली। क्षेत्र में घने बादल और कोहरा छा जाने से दृश्यता काफी कम हो गई, जिसके बाद दोनों पायलटों ने सतर्कता बरतते हुए अगस्त्यमुनि मैदान में हेलीकॉप्टर उतारने का निर्णय लिया।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि दोनों हेलीकॉप्टरों में पायलट समेत कुल 10 लोग सवार थे।

हेली सेवा के नोडल अधिकारी राहुल चौबे ने बताया कि केदार घाटी में मौसम खराब होने के कारण दोनों हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। वहीं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने कहा कि मौसम साफ होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टरों ने अगस्त्यमुनि हेलीपैड से सुरक्षित उड़ान भरकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।

गौरतलब है कि चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाएं पूरी तरह मौसम पर निर्भर रहती हैं। खराब मौसम और कम दृश्यता की स्थिति में सुरक्षा मानकों को देखते हुए उड़ानों को रोका या डायवर्ट किया जाता है। केदारघाटी क्षेत्र में पूर्व में कई हेलीकॉप्टर हादसे और आपातकालीन लैंडिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके चलते प्रशासन और उड्डयन कंपनियां सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं।

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण के अनुसार इस वर्ष केदारनाथ धाम यात्रा के लिए आठ हेली कंपनियां सेवाएं दे रही हैं। इनमें गुप्तकाशी से दो, फाटा से चार और सिरसी से दो ऑपरेटर संचालित हो रहे हैं। यात्रियों के लिए हेली सेवा टिकट बुकिंग केवल IRCTC Heli Yatra Official Website के माध्यम से ही उपलब्ध है।


Our News, Your Views