ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भर भारत के लिए छोटे संकल्प जरूरी : मुख्यमंत्री धामी

Our News, Your Views

ऊर्जा बचत और आत्मनिर्भर भारत के लिए छोटे संकल्प जरूरी : मुख्यमंत्री धामी

Pushkar Singh Dhami ने कहा है कि राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना हम सभी का सामूहिक उत्तरदायित्व है। उन्होंने कहा कि Narendra Modi द्वारा देशवासियों से की गई अपील केवल आर्थिक बचत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यदि सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अनावश्यक विदेश यात्राओं को टालें, स्थानीय और स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता दें तथा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करें, तो इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि बिजली और अन्य संसाधनों की बचत भी राष्ट्रहित में बेहद आवश्यक है।

उन्होंने लोगों से एक वर्ष तक स्वर्ण आभूषणों की खरीद से बचने, खेती में रासायनिक उर्वरकों की बजाय प्राकृतिक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने तथा खाद्य तेल का संयमित उपयोग करने का भी आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे छोटे-छोटे संकल्प देश को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक हमेशा राष्ट्रहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि “वोकल फॉर लोकल” और “आत्मनिर्भर भारत” का संकल्प तभी सफल होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर योगदान देगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और जनता की सक्रिय सहभागिता से यह अभियान जन आंदोलन का रूप लेगा।


Our News, Your Views