देवप्रयाग के पास बड़ा हादसा: राजस्थान के पर्यटकों की कार गंगा में समाई, 2 की मौत, 5 लापता
देवप्रयाग/टिहरी गढ़वाल। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के समीप सैनिक होटल और पंत गांव के बीच डंपिंग जोन के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के पर्यटकों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर सुरक्षा पैराफिट तोड़ते हुए गहरी खाई में जा गिरी और सीधे गंगा नदी में समा गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है। अन्य पांच लोगों की तलाश के लिए युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज गति से चल रहा था। डंपिंग जोन के पास चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क किनारे लगे सुरक्षा पैराफिट को तोड़ते हुए सैकड़ों फीट नीचे गंगा नदी की तेज धाराओं में जा गिरी। वाहन के नदी में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार कार में चालक सहित कुल आठ लोग सवार थे और सभी राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं।
रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। दोनों शवों को राफ्टिंग के माध्यम से सड़क मार्ग तक लाया जा रहा है। वहीं एक घायल व्यक्ति को विभागीय एम्बुलेंस की सहायता से बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।
हादसे के बाद पांच अन्य यात्री लापता हैं। उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ, जल पुलिस और गोताखोरों की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। हालांकि गंगा नदी का तेज बहाव और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियां राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी चुनौती बनी हुई हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन में सवार सभी लोग राजस्थान से उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वे बदरीनाथ धाम यात्रा से लौट रहे थे अथवा हरिद्वार की ओर जा रहे थे। पुलिस वाहन की विस्तृत जानकारी, नंबर और यात्रियों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
प्रशासन ने पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा मोड़ों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
