बदरीनाथ हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला श्रद्धालु की मौत, 17 घायल

Our News, Your Views

बदरीनाथ हाईवे पर टेंपो ट्रैवलर पलटा, महिला श्रद्धालु की मौत, 17 घायल

चमोली, उत्तराखंड। चारधाम यात्रा के दौरान शुक्रवार तड़के बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोशीमठ के निकट पैनी क्षेत्र में गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम जा रहा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 17 अन्य यात्री घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर में चालक सहित कुल 18 लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। वाहन में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की सहायता से निकटवर्ती सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

ज्योर्तिमठ (जोशीमठ) कोतवाल देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटना में गाजियाबाद निवासी 44 वर्षीय आरती की मृत्यु हो गई। शेष 17 यात्रियों को चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि चमोली जिले में हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पूर्व 30 मई को देवाल विकासखंड के ल्वाणी गांव के पास एक एंबुलेंस गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी तथा तीन अन्य घायल हुए थे।

चारधाम यात्रा के दौरान हुए इस ताजा हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने यात्रियों से सावधानी बरतने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

 


Our News, Your Views