कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार पहुंचेंगे मुख्यमंत्री धामी, शिवभक्तों पर करेंगे पुष्पवर्षा और चरण वंदन

Our News, Your Views

कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार पहुंचेंगे मुख्यमंत्री धामी, शिवभक्तों पर करेंगे पुष्पवर्षा और चरण वंदन

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा अपने चरम पर पहुंच चुकी है और धर्मनगरी हरिद्वार में देशभर से आए लाखों शिवभक्तों की आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ यात्रियों का स्वागत करेंगे। मुख्यमंत्री शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा करने के साथ ही चरण वंदन कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने हरिद्वार पहुंचकर मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले शिवभक्तों का सम्मान करना और उन्हें सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा का अनुभव कराना है। इसी भावना के तहत मुख्यमंत्री स्वयं हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ यात्रियों का अभिनंदन करेंगे।

मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा तथा अन्य धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन, मेला प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को आयोजित होने वाला पुष्पवर्षा एवं चरण वंदन कार्यक्रम विशेष और ऐतिहासिक होगा। कार्यक्रम के दौरान शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया जाएगा तथा उनकी यात्रा को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

गौरतलब है कि कांवड़ यात्रा के दौरान अब तक लाखों श्रद्धालु गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में शिवभक्तों का हरिद्वार पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। ऐसे में मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ाने वाला माना जा रहा है।


Our News, Your Views