उत्तराखंड में नशा तस्करी के खिलाफ STF की नई पहल, सूचना देने वालों को मिलेगा 2.40 लाख रुपये तक का इनाम

Our News, Your Views

उत्तराखंड में नशा तस्करी के खिलाफ STF की नई पहल, सूचना देने वालों को मिलेगा 2.40 लाख रुपये तक का इनाम

देहरादून। उत्तराखंड में बढ़ती नशा तस्करी और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने नई ‘इनाम योजना’ शुरू की है। इस योजना के तहत नशीले पदार्थों की तस्करी, भंडारण, अवैध निर्माण इकाइयों और अवैध खेती की सूचना देने वाले लोगों को नकद इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

एसटीएफ की ओर से इस संबंध में प्रदेश के सभी जिलों के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को निर्देश जारी किए गए हैं। योजना के तहत बरामद मादक पदार्थ की मात्रा और उसकी शुद्धता के आधार पर इनाम की राशि निर्धारित की गई है।

सबसे अधिक इनाम कोकीन की सूचना देने पर निर्धारित किया गया है। इसके तहत सफल बरामदगी होने पर मुखबिर को प्रति किलोग्राम 2 लाख 40 हजार रुपये तक का इनाम मिल सकता है। वहीं हेरोइन पर 1 लाख 20 हजार रुपये प्रति किलो, मॉर्फिन, एम्फेटामाइन और मेथाम्फेटामाइन पर 20-20 हजार रुपये प्रति किलो, हशीश ऑयल पर 10 हजार रुपये प्रति किलो, अफीम पर 6 हजार रुपये प्रति किलो, हशीश पर 2 हजार रुपये प्रति किलो तथा गांजा पर 600 रुपये प्रति किलो तक का इनाम निर्धारित किया गया है। इसके अलावा अवैध अफीम और गांजा की फसल नष्ट कराने में सहयोग देने पर 10-10 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर तक इनाम दिया जाएगा।

इनाम वितरण के लिए विभिन्न स्तरों पर स्वीकृति की व्यवस्था भी की गई है। मुखबिर को 60 हजार रुपये तक और संबंधित कर्मचारी या अधिकारी को 30 हजार रुपये तक का इनाम आईजी कानून एवं व्यवस्था स्तर से स्वीकृत किया जाएगा। इससे अधिक राशि के मामलों में राज्य स्तरीय समिति तथा केंद्रीय रिवॉर्ड कमेटी द्वारा अनुमोदन किया जाएगा।

एसटीएफ ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर स्वयं जांच करने या संदिग्ध व्यक्तियों का सामना करने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें। सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 और 9412029536 जारी किए गए हैं।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार संबंधित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और मुखबिर को मादक पदार्थों की शुद्धता संबंधी परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर इनाम दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एसटीएफ लगातार नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है और पिथौरागढ़, सेलाकुई, रुड़की, भगवानपुर तथा कोटद्वार समेत कई स्थानों पर अवैध नशीले पदार्थ निर्माण इकाइयों का खुलासा किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि नई इनाम योजना से आम जनता की भागीदारी बढ़ेगी और नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान को और मजबूती मिलेगी। एसटीएफ ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।


Our News, Your Views