उत्तराखंड के युवाओं को मिलेगी मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग, जल्द शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ जल्द शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस योजना को पहले ही अनुमोदन प्रदान कर चुके हैं और जल्द ही इसका विधिवत शुभारंभ किया जाएगा।
राज्य सरकार ने युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना तैयार की है। योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), राज्य लोक सेवा आयोग (PSC), संयुक्त रक्षा सेवा (CDS), बैंकिंग, रेलवे और SSC जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शामिल होगी। इसके अलावा प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश एवं पात्रता निर्धारण से जुड़ी CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी परीक्षाओं के लिए भी विद्यार्थियों को ऑनलाइन मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को घर बैठे गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिल सकेगा। विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले विद्यार्थियों को इसका बड़ा लाभ मिलेगा, जहां कोचिंग सुविधाएं सीमित हैं। साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी महंगी कोचिंग संस्थाओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026 के शुभारंभ की तिथि जल्द घोषित की जाएगी। योजना शुरू होते ही पात्र विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कोचिंग की प्रक्रिया भी आरंभ कर दी जाएगी।
राज्य सरकार का कहना है कि यह योजना युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और उन्हें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त करने के लिए आवश्यक संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराएगी।
