Advt.
Advt.
Advt.

पुलिस लाइन में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल

Our News, Your Views

पुलिस लाइन में कृष्ण जन्मोत्सव की धूम, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल

देहरादून। रेसकोर्स स्थित पुलिस लाइन में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव इस बार केवल धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मंच से नशे के खिलाफ जागरूकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष और भक्ति संगीत के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में लोकसंस्कृति, युवा प्रतिभाओं और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला।

महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मुंबई आर्ट ग्रुप के कलाकारों ने आकर्षक गणेश वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

कार्यक्रम में प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी की प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं। उन्होंने अपने लोकप्रिय गढ़वाली गीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। नेगी के गीतों पर उपस्थित लोगों ने जमकर उत्साह दिखाया और पूरा परिसर लोकसंस्कृति के रंग में रंग गया। इसके अलावा बच्चों और छात्रों ने भी विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

महोत्सव के दौरान एक बाल कलाकार ने रैप के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया, जबकि छात्रों के एक समूह ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित प्रस्तुति देकर देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मंच पर जीवंत कर दिया। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, इंदर आर्य, करिश्मा शाह सहित कई कलाकारों को सम्मानित भी किया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस लाइन परिसर ‘हरे कृष्णा’ के जयघोष से गूंजता रहा और भक्तिमय वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर राज्यपाल की पत्नी गुरमीत कौर, मुख्यमंत्री की पत्नी गीता धामी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री खजानदास, डीजीपी दीपम सेठ, एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र सिंह डोबाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Our News, Your Views