अंकिता भंडारी के माता-पिता के धरने के बाद पुलिस की कार्रवाई, विनोद आर्य के खिलाफ जीरो FIR दर्ज
देहरादून। अंकिता भंडारी के माता-पिता के धरने के बाद आखिरकार पुलिस ने उनकी शिकायत पर कार्रवाई की है। पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ राजपुर थाने में जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई है। अब इस मामले को आगे की कार्रवाई के लिए हरिद्वार जिले में स्थानांतरित किया जाएगा।
दरअसल, अंकिता के माता-पिता बुधवार को देहरादून के गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे धरने पर बैठ गए थे। वे विनोद आर्य के खिलाफ राजपुर थाने में दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज थे। परिजनों का आरोप है कि विनोद आर्य ने हाल ही में अंकिता और उसके एक मित्र के बीच हुई व्हाट्सएप बातचीत के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक किए थे। इसी मामले को लेकर उन्होंने पुलिस से शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की थी।
धरने की सूचना मिलने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत पार्टी के कई नेता भी गांधी पार्क पहुंचे और अंकिता के माता-पिता को समर्थन दिया। धरने के बाद परिजन अपर पुलिस महानिदेशक से मिले और अपनी शिकायत पर कार्रवाई की मांग दोहराई।
इसके बाद पुलिस ने राजपुर थाने में परिजनों की तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर ली। मामले को हरिद्वार जिले में स्थानांतरित किया जाएगा, जहां आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे उसके माता-पिता का कहना है कि उनकी शिकायत पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए। बुधवार को गांधी पार्क में धरने से शुरू हुआ यह घटनाक्रम पुलिस की ओर से जीरो एफआईआर दर्ज किए जाने के साथ आगे बढ़ा है।
