देहरादून में फिर दिनदहाड़े गोलीकांड, राजपुर रोड पर युवक की हत्या से दहशत

Our News, Your Views

सिल्वर सिटी कंपलेक्स के बाहर जिम से निकलते समय सिर में मारी गोली, लगातार वारदातों से कानून व्यवस्था पर सवाल

देहरादून, [13 फ़रवरी 2026] क्या उत्तराखंड में पुलिस का इकबाल खत्म हो गया है? राजधानी देहरादून में लगातार हो रही हत्या और आपराधिक घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार सुबह एक बार फिर राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कंपलेक्स के बाहर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

जिम से बाहर निकलते ही सिर में मारी गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन से जुड़े व्यवसाय से संबंधित था। बताया जा रहा है कि विक्रम शर्मा सुबह जिम से बाहर निकल रहे थे, तभी एक पैदल आए हमलावर ने उनके सिर पर गोली मार दी। गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

तीन दिन पहले ही हुई थी कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या

देहरादून में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 11 फरवरी को डालनवाला थाना क्षेत्र स्थित तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सरेआम हुई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे। हालांकि पुलिस ने बाद में इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

गुंजन हत्याकांड से भी दहला था शहर

इसके अलावा 2 फरवरी को दूल्हा बाजार क्षेत्र में गुंजन हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया था। दिनदहाड़े आकाश नाम के युवक ने गुंजन की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर विशेष जांच टीम के माध्यम से चार्जशीट भी दाखिल कर दी है।

छात्रा और युवती की हत्या ने भी बढ़ाई चिंता

29 जनवरी को विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। छात्रा का शव ढालीपुर स्थित शक्ति नहर के किनारे झाड़ियों में मिला था।

इसके अतिरिक्त ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या की घटना ने भी प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी थी।

लगातार वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना

राजधानी देहरादून में लगातार हो रही हत्या की घटनाओं से आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल है। सरेआम हो रही इन वारदातों ने पुलिस की कार्यप्रणाली और अपराध नियंत्रण क्षमता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हो रही हत्याओं से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस नए हत्याकांड का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है और अपराधियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाने में कितनी सफल होती है।


Our News, Your Views