10 दिनों में दो बार केदारनाथ धाम के पास हुआ हिमस्खलन, केदारनाथ मंदिर पूरी तरह से सुरक्षित

Spread the love

केदारनाथ धाम के पीछे पहाड़ों पर भयानक हिमस्खलन हुआ। यह घटना चोराबाड़ी से तीन किमी ऊपर हुई है। ग्लेशियर से बर्फ का पूरा पहाड़ भरभरा कर गिरने लगा जिसके बाद तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखने को मिला। हालांकि ये हिमस्‍खलन काफी ऊंचाई पर हुआ। जिससे अभी तक किसी भी नुकसान की जानकारी नहीं है।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने इस भयावह बर्फ के पहाड़ खिसकने का वीडियो अपने ट्वीटर अकाउंट पर शेयर किया है, जिसमे बर्फ का पहाड़ बड़ी तेजी से नीचे गिरते दिखाई देता है और जिससे बर्फ के धुएं का गुबार दूर दूर तक फ़ैल रहा है। राहत की बात ये है कि इस एवलांच यानी हिमस्खलन में केदारनाथ मंदिर को कोई नुकसान नहीं हुआ।

श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय बताते हैं कि केदारनाथ धाम के पास हिमस्खलन हुआ है, लेकिन राहत की बात है कि किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम पूरी तरह से सुरक्षित है।

बता दें कि केदारनाथ धाम में पिछले 10 दिनों में दो बार हिमस्खलन हुआ है। अभी हाल ही में 23 सितंबर को भी केदारनाथ के पीछे पहाड़ों पर एवलांच की घटना सामने आई थी।भूस्खलन के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।पुलिस-प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही तीर्थ यात्रियों को एहतियात बरतने की भी सलाह दी जा रही है।


Spread the love