शारदीय नवरात्र का शुभारंभ, घटस्थापना और शैलपुत्री पूजा के साथ मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, विशेष योग में होगा अष्टमी-नवमी पूजन

Spread the love

आज से शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हो गया है, और देश भर के देवी मंदिरों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। भक्त माता रानी के दर्शन के लिए उमड़ रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन माता शैलपुत्री की पूजा हो रही है। मंदिरों में घट स्थापना के साथ भक्त श्रद्धा और भक्ति से मां दुर्गा की आराधना कर रहे हैं। इस साल नवरात्र में विशेष शुभ योग बन रहे हैं, जो भक्तों के लिए बेहद मंगलकारी माने जा रहे हैं।

चित्र साभार – सोशल मीडिया

विशेष तिथियां और पूजा विधि—

आचार्य सुशांत राज के अनुसार, नवरात्र की घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:15 से 7:22 बजे तक रहा। इसके अलावा अभिजीत मुहूर्त 11:46 से 12:33 बजे तक था। इस बार नवरात्र में तिथियां बढ़ रही हैं, जोकि शुभ संकेत हैं। 7 अक्तूबर को चौथा नवरात्र होगा, जबकि 11 अक्तूबर को अष्टमी और नवमी का पूजन एक ही दिन किया जाएगा। 12 अक्तूबर को विजयदशमी का पर्व मनाया जाएगा।

मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़—

सहारनपुर चौक स्थित श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में नवरात्र में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शुभ मुहूर्त में घट स्थापना होगी। इसके बाद मां भगवती की प्रतिमा को चोला अर्पण कर पूजा-अर्चना की जाएगी। तीन से 11 अक्तूबर तक मंदिर में मेला मैया की भजन संध्या के नाम माता रानी की चौकी होगी।

नवरात्रि का महत्व और शुभ योग—

इस बार नवरात्र का आरंभ कन्या राशि में चतुर्ग्रही योग के साथ हुआ है, जिसमें बुध, सूर्य, केतु और चंद्रमा विराजमान रहेंगे। यह योग विशेष रूप से शुभ माना जा रहा है। भक्तों को मां दुर्गा को श्वेत पुष्प, कमल और गुड़हल के फूल अर्पित करने की सलाह दी गई है, जो मां को अत्यंत प्रिय हैं। गाय के घी से बने पकवान चढ़ाने से मां की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

03 अक्टूबर का पंचांग—

आज 3 अक्टूबर 2024, गुरुवार, आश्विन शुक्ल प्रतिपदा है। आज के दिन चंद्रमा कन्या राशि और हस्त नक्षत्र में रहेगा, जोकि किसी नए उद्योग, यात्रा, या शुभ कार्य के लिए श्रेष्ठ माने जाते हैं। हालांकि, राहुकाल 13:57 से 15:26 बजे तक रहेगा, इस दौरान कोई शुभ कार्य करने से बचना चाहिए।

नवरात्र के इस शुभ अवसर पर भक्त मां दुर्गा की आराधना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।


Spread the love