बिहार चुनाव: सीएम पुष्कर सिंह धामी 30 अक्टूबर को करें दो चुनावी रैलियाँ
देहरादून/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में भाजपा ने अपने प्रमुख नेताओं की तैनाती शुरू कर दी है। इसी क्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 30 अक्टूबर को बिहार में दो चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा के कार्यक्रम विभाग संयोजक सुशील चौधरी ने सीएम धामी का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी किया है।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री धामी 30 अक्टूबर की सुबह 11:15 बजे पटना हवाई अड्डे से निजी विमान द्वारा मोतिहारी जिले के कल्याणपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। वे दोपहर 12:05 बजे महात्मा गांधी मिडिल स्कूल ग्राउंड, कल्याणपुर में प्रस्तावित जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:55 बजे हरसिद्धि विधानसभा क्षेत्र के सोनवर्षा स्थित महावीर रामेश्वर इंटर कॉलेज परिसर में दूसरी जनसभा में शामिल होंगे।
सीएम धामी बिहार चुनाव में भाजपा की स्टार प्रचारक सूची में शामिल हैं। इससे पहले भी वे गोरियाकोठी, वारसलीगंज और सिवान विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाएँ कर चुके हैं। समान नागरिक संहिता (UCC) समेत कई निर्णायक फैसलों के कारण राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके सीएम धामी से भाजपा को बिहार चुनाव में युवा और राष्ट्रवादी वोट बैंक को साधने की उम्मीद है।
