भाजपा को मिला नया कार्यकारी अध्यक्ष, नितिन नबीन को मिली अहम जिम्मेदारी

Our News, Your Views

भाजपा को मिला नया कार्यकारी अध्यक्ष, नितिन नबीन को मिली अहम जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नया कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से की गई इस घोषणा के बाद उन्हें संगठन में एक महत्वपूर्ण भूमिका सौंपी गई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को यह जिम्मेदारी दिए जाने पर उन्हें बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि नितिन नबीन ने स्वयं को भाजपा के एक मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में स्थापित किया है।
प्रधानमंत्री के अनुसार, “वह एक युवा, कर्मठ और संगठनात्मक अनुभव से भरपूर नेता हैं। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनके कई कार्यकाल एक प्रभावशाली रिकॉर्ड को दर्शाते हैं। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य किया है।”

नितिन नबीन वर्तमान में बिहार सरकार में पथ निर्माण एवं नगर विकास मंत्री हैं और राज्य की राजनीति में उन्हें भाजपा के कद्दावर नेताओं में गिना जाता है। वह पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने जा चुके हैं, जो उनके मजबूत जनाधार को दर्शाता है।

 

सामाजिक पृष्ठभूमि की बात करें तो नितिन नबीन कायस्थ समाज से आते हैं और वर्तमान बिहार मंत्रिमंडल में इस समाज से वे एकमात्र मंत्री हैं। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा भी भाजपा के वरिष्ठ और प्रभावशाली नेताओं में शामिल रहे। पिता के निधन के बाद नितिन नबीन उनकी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

पार्टी के भीतर नितिन नबीन की नई जिम्मेदारी को आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

 


Our News, Your Views