मुख्यमंत्री धामी बोले – भारत बना चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, उत्तराखंड में तेजी से हो रहा विकास
देहरादून/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने जनसंपर्क कार्यक्रमों की शुरुआत कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीते 11 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों को जनता के सामने रखा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर एक सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह उपलब्धि सरकार की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।
11 वर्षों में ऐतिहासिक बदलाव
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वर्ष 2014 से अब तक का कालखंड ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को समर्पित रहा है। उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाए हैं, जबकि मेक इन इंडिया से भारत वैश्विक निर्यात में तेजी से आगे बढ़ा है।
उन्होंने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छता अभियान, किसान सम्मान निधि और निःशुल्क राशन योजना जैसी योजनाओं को गरीबी उन्मूलन की आधारशिला बताया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि बीते 11 वर्षों में 27 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, और गरीबी दर में 80% तक की गिरावट आई है।
साहसिक फैसलों से बदली तस्वीर
मुख्यमंत्री ने मोदी सरकार के कई ऐतिहासिक और साहसिक निर्णयों का उल्लेख किया, जिनमें धारा 370 की समाप्ति, तीन तलाक पर प्रतिबंध, और नई कर व्यवस्था में राहत जैसे कदम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब स्वदेशी रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बन रहा है और कई देशों को रक्षा उपकरण निर्यात भी कर रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और नारी सशक्तिकरण में बड़ी छलांग
धामी ने कहा कि मोदी सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार दी है। देश के 99% गांव अब सड़क कनेक्टिविटी से जुड़ चुके हैं। प्रतिदिन औसतन 34 किलोमीटर हाईवे का निर्माण हो रहा है। रेल और हवाई कनेक्टिविटी का भी व्यापक विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इसके साथ ही स्टार्टअप इंडिया अभियान ने भारत को दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बना दिया है।
उत्तराखंड में तेज गति से हो रहे कार्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में भी विकास की रफ्तार तेज हुई है।
-
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन,
-
दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड,
-
केदारनाथ और हेमकुंट साहिब रोपवे जैसे प्रोजेक्ट्स से राज्य को नया आयाम मिल रहा है।
प्रदेशभर में होंगे संवाद और प्रदर्शनियां
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि मोदी सरकार के 11 सालों की उपलब्धियों को लेकर राज्य के सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 11 जून से राज्य भर में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनियों का आयोजन होगा।
साथ ही, प्रेस कॉन्फ्रेंस और प्रमुख सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें भाजपा के मंत्री, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी हिस्सा लेंगे। राज्य के 19 संगठनात्मक जिलों में 57 वक्ताओं को भेजा जाएगा ताकि जनता को सरकार की उपलब्धियों से सीधे अवगत कराया जा सके।