देहरादून में दिनदहाड़े कारोबारी की गोली मारकर हत्या, तिब्बती मार्केट के पास मचा हड़कंप

Our News, Your Views

देहरादून में दिनदहाड़े कारोबारी की गोली मारकर हत्या, तिब्बती मार्केट के पास मचा हड़कंप

देहरादून। राजधानी देहरादून के डालनवाला थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पैसों के लेनदेन के विवाद में एक कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना तिब्बती मार्केट के सामने हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मृतक की पहचान अर्जुन शर्मा (42 वर्ष) निवासी जीएमएस रोड, स्वामी—अमरदीप गैस एजेंसी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे अर्जुन शर्मा परेड ग्राउंड में रोजाना की तरह टेनिस खेलकर बाहर निकले थे। इसके बाद उन्होंने तिब्बती मार्केट के बाहर एक ठेली से अनानास खरीदा और अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे, तभी नीले रंग की स्कूटी पर सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए। गोली लगने से अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तत्काल दून अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पत्नी की तहरीर पर चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दोपहर बाद मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा ने डालनवाला थाने में तहरीर देकर अपनी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना पर शक जताया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अर्जुन का अपने पारिवारिक व्यवसाय और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।

42 करोड़ से अधिक के लेनदेन का विवाद
अमरदीप गैस एजेंसी में कार्यरत वीके कुमार ने बताया कि अर्जुन शर्मा और विनोद उनियाल के बीच 42 करोड़ रुपये से अधिक के लेनदेन को लेकर विवाद था। अर्जुन लगातार विनोद पर रकम वापस करने का दबाव बना रहे थे। एक साल पहले विनोद ने अर्जुन की मां से तीन करोड़ रुपये लेकर दो फ्लैट खरीदे थे, जिस रकम को लेकर भी विवाद चल रहा था।

बताया जा रहा है कि अर्जुन की मां बीना शर्मा ने पहले ही अपने बेटे से जान का खतरा बताते हुए उच्च न्यायालय से सुरक्षा भी ली थी।

सीसीटीवी में दिखे हमलावर, जिलेभर में चेकिंग तेज
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में नीली स्कूटी पर सवार दो हमलावर गोली मारकर कोर्ट की ओर भागते हुए दिख रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई।

एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। जिले की सीमाओं और शहर के अंदर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।


Our News, Your Views