अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित, बताया मातृशक्ति का गौरव
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की अंतरराष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डर प्रतिभा थपलियाल को बॉडीबिल्डिंग क्षेत्र में उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और गमला भेंट कर सम्मान प्रदान किया।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रतिभा थपलियाल की उपलब्धियों को प्रदेश की मातृशक्ति का गौरव बताते हुए महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि प्रतिभा की सफलता से विशेष रूप से दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाली बेटियों को खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मातृशक्ति प्रदेश की ताकत: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की भूमि मातृप्रधान रही है और यहां की महिलाएं कृषि, सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन की धुरी रही हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर उत्तराखंड की महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, समाज सेवा, खेल और सुशासन के क्षेत्र में देश और दुनिया का मार्गदर्शन किया है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं को राजकीय सेवा में अवसर प्रदान करने की दिशा में भी प्रयास कर रही है, ताकि वे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बन सकें।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा का परचम
43 वर्षीय प्रतिभा थपलियाल ने पिछले चार वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उनकी प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं:
-
वर्ष 2023 में राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक
-
एशियाई बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में कांस्य पदक
-
9 फरवरी 2026 को तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित राष्ट्रीय महिला बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक
-
महिला विश्व चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतिभा थपलियाल की उपलब्धि पूरे राज्य और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उत्तराखंड की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर निरंतर सफलता प्राप्त करती रहें।
इस अवसर पर राज्य आंदोलनकारी रविंद्र जुगरान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
