मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के दिए निर्देश
देहरादून, 14 सितम्बर 2025: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार संध्या को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में उपचाररत मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और चिकित्सीय सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने अस्पताल के वेटिंग एरिया (प्रतीक्षालय) का भी निरीक्षण किया और तीमारदारों के लिए समुचित सुविधाएं सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतीक्षालय में पेयजल, पंखे और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था की जाए, जिससे तीमारदारों को भी आरामदायक वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि तीमारदार अस्पताल व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
साफ-सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन और रंग-रोगन की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से सुनिश्चित करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल केवल चिकित्सा का स्थान नहीं, बल्कि मानसिक और शारीरिक संबल प्रदान करने वाला स्थल भी है, इसलिए उसकी स्वच्छता और सुव्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर भी पहुंचे, जहां उन्होंने सैंपल संग्रहण की प्रक्रिया, रिकॉर्डिंग तथा प्रयोगशाला में परीक्षण संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सेंटर में उपयोग हो रही तकनीक और संसाधनों की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए इसकी निरंतर निगरानी के निर्देश दिए।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने योजना की कार्यप्रणाली, कार्ड निर्माण प्रक्रिया, क्लेम की स्थिति तथा लाभार्थियों को दी जा रही सहायता की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और हेल्प डेस्क पर आने वाले लोगों को सरल, स्पष्ट एवं त्वरित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने उपस्थित लाभार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और अनुभव भी सुने।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रशासन, चिकित्सा अधिकारियों एवं स्टाफ को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने, पारदर्शिता, संवेदनशीलता और त्वरित सेवा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संकल्पित है।
इस अवसर पर अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सकगण, प्रशासनिक अधिकारीगण एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।