धराली आपदा क्षेत्र में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का दौरा, इंटरनेट बंद करने पर सरकार पर सवाल
देहरादून। उत्तरकाशी के धराली आपदाग्रस्त क्षेत्र में गुरुवार को उत्तराखंड कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पहुंचा। कांग्रेस नेताओं ने मौके पर हालात का जायजा लिया और आपदा में जान गंवा चुके लोगों के प्रति श्रद्धांजलि स्वरूप दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि उनके पहुंचने से पहले क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं।
इंटरनेट बंद करने का आरोप
गणेश गोदियाल ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि धराली में कांग्रेस टीम के आने से ठीक पहले इंटरनेट बंद कर दिया गया, जबकि उससे पहले सेवाएं सामान्य थीं। उन्होंने इसे सरकार की असहजता और तथ्य छिपाने का प्रयास बताया।
पीड़ितों से मिले, वास्तविक स्थिति का लिया फीडबैक
प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से मिलकर उनकी समस्याओं और नुकसान की जानकारी ली। गोदियाल ने कहा कि सरकार अभी तक मलबे में दबे शवों को निकाल पाने में भी असफल रही है, ऐसे में इलाके को दोबारा पूर्व अवस्था में लाने का दावा मात्र औपचारिकता है।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों को राहत न देने पर आपत्ति
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार द्वारा दुकानदारों व होटल संचालकों को क्षतिपूर्ति से बाहर रखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने तर्क दिया कि आपदा से पूर्व ये प्रतिष्ठान टैक्स देते थे और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करते थे। ऐसे में उनकी सहायता करना सरकार का दायित्व है।
केदारनाथ आपदा का उदाहरण
गोदियाल ने बताया कि 2013 की केदारनाथ त्रासदी के बाद तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने व्यापारिक नुकसान की भरपाई स्व-आकलन के आधार पर कराई थी। धराली आपदा भी उसी श्रेणी में आती है, इसलिए प्रभावितों को एफिडेविट लेकर राहत राशि दी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री राहत कोष के उपयोग पर सवाल
उन्होंने आरोप लगाया कि राहत कोष का उपयोग राजनीतिक हितों के लिए किया जा रहा है, जबकि धराली के प्रभावितों के लिए इसमें से सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई।
प्रतिज्ञा पत्र पर स्थानीय जनता संग लिया संकल्प
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय नागरिकों के साथ धराली को फिर से हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि यदि वर्तमान सरकार कारगर योजना नहीं बनाती, तो भविष्य में कांग्रेस की सरकार इसे नई जीवनदायिनी दिशा देगी।
गोदियाल का सीधा हमला
उन्होंने कहा कि सरकार रास्ता बदलने की कोशिश कर रही है, लेकिन कांग्रेस जनता की आवाज को उठाते हुए इसे जारी रखेगी।
