राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, राजभवन कूच से पहले विशाल रैली; शहर में रूट डायवर्जन लागू

Our News, Your Views

राजधानी में कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, राजभवन कूच से पहले विशाल रैली; शहर में रूट डायवर्जन लागू

देहरादून, सोमवार। राजधानी देहरादून में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को विशाल रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। राजभवन कूच से पहले परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। रैली को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने शहर में व्यापक रूट डायवर्जन प्लान लागू किया, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

वरिष्ठ नेताओं ने सरकार पर साधा निशाना

रैली में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश प्रभारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत समेत कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मंच से नेताओं ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और आम जनता में भय का माहौल है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए कानून व्यवस्था में सुधार की मांग की।

प्रचार सामग्री हटाने पर कांग्रेस ने जताई नाराजगी

राजभवन कूच से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा लगाए गए पोस्टर और प्रचार सामग्री को सुबह हटाए जाने पर पार्टी नेताओं ने नाराजगी जताई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक विरोध को दबाने की कोशिश कर रही है और विपक्ष की आवाज को कमजोर करना चाहती है।

रैली के चलते लागू किया गया रूट डायवर्जन

रैली के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल के अनुसार—

  • रैली के परेड ग्राउंड से निकलने पर ओरिएंट चौक से कनक चौक जाने वाले यातायात को ग्लोब चौक की ओर भेजा गया।

  • लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से भी यातायात को डायवर्ट किया गया।

  • कनक चौक पर रैली पहुंचने के दौरान पेसिफिक तिराहा से आने वाले वाहनों को तनेजा ऑप्टिकल कट से रोजगार तिराहा की ओर भेजा गया।

  • घंटाघर से ओरिएंट चौक जाने वाले यातायात को दर्शन लाल चौक की ओर मोड़ा गया।

  • ग्लोब चौक से बहल चौक जाने वाले वाहनों को पेसिफिक तिराहा और बैनी बाजार की ओर डायवर्ट किया गया।

  • रैली के गुजरने तक राजपुर रोड, एनेक्सी तिराहा, हाथीबड़कला, दिलाराम चौक और कालीदास तिराहा समेत कई मार्गों पर यातायात नियंत्रित और डायवर्ट किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि रैली के पीछे किसी भी वाहन को चलने की अनुमति नहीं दी गई और सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रैली और राजभवन कूच को देखते हुए पूरे मार्ग पर पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगरानी रही। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।


Our News, Your Views