देहरादून ब्रिगेडियर हत्याकांड: मुठभेड़ में 2 और आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली; अब तक 9 गिरफ्तार
देहरादून। राजपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। अब इस मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र डोभाल के अनुसार, शुक्रवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि इस हत्याकांड में शामिल दो फरार आरोपी गुनियाल गांव क्षेत्र में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल आरोपी की पहचान मुजफ्फरनगर के खालापार निवासी मोहम्मद कवीश के रूप में हुई है, जबकि दूसरे आरोपी की पहचान सहारनपुर के बेहट निवासी शांतनु त्यागी के रूप में हुई है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।
गौरतलब है कि 30 मार्च की सुबह रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी (75) अपने साढ़ू और एक साथी के साथ मसूरी रोड पर मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर दो तेज रफ्तार कारों में सवार युवकों के बीच आपसी रंजिश के चलते फायरिंग हो रही थी। इसी दौरान एक गोली ब्रिगेडियर जोशी के सीने में जा लगी, जिससे उनकी मौत हो गई थी।
जांच में सामने आया कि घटना से एक रात पहले आरोपी कुठालगेट स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे, जहां बिल को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद यह विवाद सड़क तक पहुंच गया और अगले दिन कार से पीछा करते हुए आरोपियों ने फायरिंग कर दी, जिसकी चपेट में ब्रिगेडियर जोशी आ गए।
इस घटना के बाद देहरादून पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने देर रात सघन जांच अभियान चलाते हुए 900 से अधिक लोगों से पूछताछ की और 14 संदिग्धों को हिरासत में लिया। सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वाले 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा, डोईवाला क्षेत्र में पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 310 ग्राम चरस और 52 टेट्रा पैक अवैध शराब बरामद की। यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती दिखाते हुए 100 से अधिक वाहन चालकों के चालान किए गए और कई वाहनों को सीज किया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
