IPL 2026: उद्घाटन समारोह रद्द, बेंगलुरु भगदड़ के पीड़ितों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

Our News, Your Views

IPL 2026: उद्घाटन समारोह रद्द, बेंगलुरु भगदड़ के पीड़ितों को दी जाएगी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली | The Mountain Stories

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आईपीएल 2026 के उद्घाटन समारोह को रद्द करने का बड़ा और संवेदनशील फैसला लिया है। यह निर्णय पिछले वर्ष रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पहली खिताबी जीत के जश्न के दौरान बेंगलुरु में हुई भगदड़ की दुखद घटना के मद्देनज़र लिया गया है, जिसमें 11 लोगों की जान चली गई थी।

श्रद्धांजलि के रूप में नहीं होगा उद्घाटन समारोह

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में पुष्टि की कि 4 जून 2025 को हुई इस त्रासदी में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति में यह निर्णय लिया गया है।
28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले मैच से पहले कोई सांस्कृतिक या मनोरंजन कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

इस दिन गत चैंपियन आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाएगा, लेकिन इसकी शुरुआत सादगी के साथ होगी।

फाइनल में होगा भव्य आयोजन

हालांकि टूर्नामेंट की शुरुआत सादगीपूर्ण होगी, लेकिन बीसीसीआई आईपीएल 2026 के समापन को भव्य बनाने की तैयारी में है।
देवजीत सैकिया के अनुसार, 31 मई को फाइनल मैच के दिन एक बड़े स्तर का क्लोजिंग सेरेमनी आयोजित किया जाएगा, जिसमें फिल्म और संगीत जगत की प्रमुख हस्तियों की प्रस्तुति देखने को मिल सकती है।

पहले भी लिया गया है ऐसा फैसला

यह पहली बार नहीं है जब बीसीसीआई ने किसी राष्ट्रीय या मानवीय त्रासदी के कारण आईपीएल समारोह को रद्द किया हो। इससे पहले 2019 में पुलवामा हमला के बाद भी आईपीएल 12 की ओपनिंग सेरेमनी रद्द कर दी गई थी और उस पर खर्च होने वाली राशि शहीद सीआरपीएफ जवानों के परिवारों को दान कर दी गई थी।

जल्द आएगा पूरा शेड्यूल

बीसीसीआई ने संकेत दिया है कि आईपीएल 2026 के बाकी मैचों का विस्तृत शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा।


Our News, Your Views