कुंभ मेला–2027: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हरिद्वार में तैयारियों का लिया जायज़ा, समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण कार्यों के दिए निर्देश

Our News, Your Views

कुंभ मेला–2027: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने हरिद्वार में तैयारियों का लिया जायज़ा, समयबद्ध और गुणवत्ता पूर्ण कार्यों के दिए निर्देश

हरिद्वार, 02 अप्रैल 2026:
कुंभ मेला–2027 की तैयारियों को लेकर प्रदेश सरकार ने अपनी सक्रियता तेज कर दी है। इसी क्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और विभागीय समन्वय को मजबूत बनाते हुए गति तेज की जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर स्थित शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों और बैरागी कैम्प घाट का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि घाटों का निर्माण श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुरूप किया जाए, ताकि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
इसके साथ ही उन्होंने बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, चेंजिंग रूम और प्रसाधन जैसी सुविधाओं को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस बार ‘ग्रीन घाट’ की अवधारणा पर भी जोर देते हुए उन्होंने घाटों को हरित पट्टियों, फूलों और पौधों से सजाने की बात कही।

मुख्य सचिव ने ज्वालापुर–ईदगाह–पीएसी–शिवालिक नगर मार्ग पर पथरी रौ नदी में निर्माणाधीन 60 मीटर लंबे प्री-स्ट्रेस्ड आरसीसी पुल का निरीक्षण कर गुणवत्ता से समझौता न करने और समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बहादराबाद–सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने इसे कुंभ के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा।

धनौरी–सिडकुल लिंक मार्ग पर बन रहे 90 मीटर स्पान के पुल के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए उन्होंने वर्षाकाल से पहले नदी तल से जुड़े कार्य पूरे करने पर जोर दिया, ताकि बारिश से कार्य प्रभावित न हो।

मुख्य सचिव ने हरिद्वार बाईपास रिंग रोड परियोजना और दिल्ली राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन परियोजनाओं को कुंभ से पहले हर हाल में पूरा किया जाए और सप्ताहवार लक्ष्य तय कर नियमित समीक्षा की जाए। साथ ही जिलाधिकारी को फ्लाईओवर की प्रगति का दैनिक ब्यौरा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने बैरागी कैम्प में 1500 किलोलिटर क्षमता के ओवरहेड टैंक सहित सभी कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ के दौरान स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला–2027 एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी समान प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

अंत में उन्होंने मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने इसमें आधुनिक आईटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए, ताकि कुंभ के दौरान प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके।


Our News, Your Views