एलपीजी सिलेंडर महंगा: घरेलू गैस 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये तक बढ़ा

Our News, Your Views

एलपीजी सिलेंडर महंगा: घरेलू गैस 60 रुपये और कमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये तक बढ़ा

नई दिल्ली। देशभर में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। शनिवार 7 मार्च से लागू नए दामों के अनुसार 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये और 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में लगभग 115 रुपये की वृद्धि की गई है। इससे आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ेगा।

महानगरों में घरेलू गैस के नए दाम

नई कीमतों के अनुसार प्रमुख महानगरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम इस प्रकार हैं—

  • दिल्ली: 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये

  • मुंबई: 852.50 रुपये से बढ़कर 912.50 रुपये

  • कोलकाता: 879 रुपये से बढ़कर 930 रुपये

  • चेन्नई: 868.50 रुपये से बढ़कर 928.50 रुपये

कमर्शियल सिलेंडर भी महंगा

19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी वृद्धि की गई है।

  • दिल्ली: 1768.50 रुपये से बढ़कर 1883 रुपये

  • मुंबई: 1720.50 रुपये से बढ़कर 1835 रुपये

  • कोलकाता: 1875.50 रुपये से बढ़कर 1990 रुपये

  • चेन्नई: 1929 रुपये से बढ़कर 2043.50 रुपये

अप्रैल 2025 के बाद पहली बढ़ोतरी

घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें अप्रैल 2025 से स्थिर थीं, जब दिल्ली में बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर 853 रुपये का था। अब लगभग एक वर्ष बाद कीमतों में यह बढ़ोतरी की गई है।

सरकार ने ऊर्जा आपूर्ति को लेकर दिया भरोसा

केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा है कि देश में ऊर्जा की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को आपूर्ति को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सरकार नागरिकों के लिए सस्ती और टिकाऊ ऊर्जा उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दे रही है।

पेट्रोल-डीजल की कमी की खबरें खारिज

इसी बीच इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने सोशल मीडिया पर चल रही पेट्रोल और डीज़ल की कमी संबंधी खबरों को बेबुनियाद बताया है। कंपनी के अनुसार देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई व डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क सामान्य रूप से काम कर रहा है। लोगों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।

एलपीजी आपूर्ति बढ़ाने के निर्देश

सरकार ने सभी एलपीजी रिफाइनरियों को देशभर में पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार भारत में फिलहाल एलपीजी का स्टॉक सामान्य स्थिति में है।

इसके अलावा भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अपने कच्चे तेल के आयात स्रोतों में विविधता भी बढ़ाई है। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार फरवरी में भारत ने अपने कुल कच्चे तेल आयात का करीब 20 प्रतिशत रूस से आयात किया, जो लगभग 1.04 मिलियन बैरल प्रतिदिन है। साथ ही अमेरिका से भी एलपीजी आयात बढ़ाया गया है।



Our News, Your Views