राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के बयान से महाराष्ट्र की सियासत गरमाई, उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल कोश्यारी पर की कार्रवाई की मांग–देखिये वीडियो

Spread the love

महाराष्ट्र (Maharashtra) के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी (Governor Bhagat Singh Koshyari) अपने एक विवादित बयान की वजह से मुश्किलों में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। महाराष्ट्र में एक कार्यक्रम के दौरान भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि अगर महाराष्ट्र से खासकर मुंबई और ठाणे से गुजरातियों और राजस्थानी लोगों को निकाल दिया जाए तो यहां कोई पैसा नहीं  बचेगा। ये लोग अगर निकल गए तो देश की आर्थिक राजधानी मुंबई नहीं रह जाएगी। उनके बयान की चौतरफा निंदा हो रही है। इस बयान के बाद राज्यपाल महाराष्ट्र की सियासी पार्टियों के निशाने पर आ चुके हैं।शिवसेना, कांग्रेस,  महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना, एनसीपी, एकनाथ शिंदे गुट से लेकर हर कोई गवर्नर पर निशाना साध रहा है।

बयान को लेकर संजय राउत ने एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें महाराष्ट्र के राज्यपाल अपनी बात रख रहे हैं।

देखिये वीडियो—

भगत सिंह कोश्यारी के इस बयान पर संजय राउत ने कहा है कि महाराष्ट्र में बीजेपी समर्थित मुख्यमंत्री होते हुए मराठी और छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान हुआ है। स्वाभिमान और अपमान के मुद्दे पर अलग हुआ गुट अगर इस पर चुप बैठता है तो शिवसेना का नाम न लिया जाए। कम से कम मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इसका विरोध तो करें। ये महाराष्ट्र की जनता का अपमान है।

बढ़ते विवाद को देखकर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने अपने बयान पर सफाई पेश की है। उन्होंने कहा कि मराठी व्यक्ति की मेहनत ने महाराष्ट्र के निर्माण में सबसे अधिक योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि मुंबई, महाराष्ट्र का स्वाभिमान है। यह देश की आर्थिक राजधानी भी है। मुझे गर्व है कि मुझे छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठी जनता की इस धरती पर राज्यपाल के रूप में सेवा का अवसर मिला है।

शिवसेना सांसद संजय राउत के बाद अब पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्यपाल कोश्यारी के एक विवादास्पद बयान को लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ठाकरे ने मुंबई में प्रेस वार्ता कर कहा कि वह राज्यपाल पद का अपमान नहीं चाहतै हैं लेकिन जो उस कुर्सी पर बैठा है, उसे भी उसका मान रखना चाहिए।


Spread the love