विनायकधार से क़स्बा नगर के बीच जल्द बनेगा मोटर मार्ग, राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा ने मुख्यमंत्री धामी से की भेंट

Spread the love

चमोली जनपद के गैरसैंण और थराली विकासखंड के बीच विनायकधार से क़स्बा नगर के बीच चली आ रही मोटर मार्ग की माँग अब जल्द पूरी होने जा रही है, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सचिव को फ़ोन कर इस मार्ग की निर्माण प्रक्रिया हेतु निर्देश देते हुए लिखित आदेश भी जारी किए। इस मोटर मार्ग के निर्माण से स्थानीय जनता को 140 किलोमीटर फेर से मुक्ति मिलेगी। आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया टीम के सदस्य और राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट सतीश लखेड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस बहुप्रतीक्षित विनायक धार से कसबी नगर (लगभग 4.5 किलोमीटर) मोटर मार्ग निर्माण को लेकर भेंट की।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि चमोली जनपद के गैरसैण और थराली विकासखंड के बीच विनायकधार से कसबी नगर के बीच 4.5 किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण ना होने से स्थानीय लोगों को लगभग 140 किलोमीटर घूम कर आना पड़ता है। जबकि दोनों क्षेत्रों के बीच शादी- ब्याह, व्यापार, सामाजिक व धार्मिक संबंधों के नाते निरंतर पैदल मार्ग से आवागमन होता आया है। वन विभाग की अनेक आपत्तियों का निराकरण भी हो चुका है।
सतीश लखेडा ने कहा कि उन्होंने स्वयं विधायकधार जाकर इस क्षेत्र का भौतिक निरीक्षण किया है। पूर्व में भी मुख्यमंत्री द्वारा इस मार्ग हेतु आदेश किए गए थे, किंतु अपेक्षित प्रगति न होने के कारण पुनः मुख्यमंत्री  से अनुरोध किया गया। मुख्यमंत्री ने इसे गंभीरता से लेकर लोक निर्माण विभाग के सचिव को फोन पर इस इस मोटर मार्ग की निर्माण प्रक्रिया हेतु निर्देश दिए एवं साथ ही लिखित आदेश भी जारी किए।
अपेक्षा है कि लंबे समय से आंदोलित दोनों घाटियों की जनता को राहत मिलेगी और इस मोटर मार्ग का निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। यह मार्ग सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है जो सीधे गढ़वाल कुमाऊं के बीच की दूरी को भी कम करता है। इस मार्ग के निर्माण से भवन निर्माण सामग्री से लेकर अनेक वस्तुओं के ढुलान और लागत में भारी कमी आएगी। क्योंकि थराली क्षेत्र रामनगर मंडी से डेढ़ सौ किलोमीटर निकट हो जाएगा।

Spread the love