नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ: साहसिक पर्यटन को नई उड़ान

Our News, Your Views

नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ: साहसिक पर्यटन को नई उड़ान

बिलखेत (पौड़ी गढ़वाल), गुरुवार।
पुष्कर सिंह धामी ने जनपद पौड़ी गढ़वाल के बिलखेत में आयोजित नयार वैली फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इस आयोजन के साथ ही नयार घाटी की पर्यटन, संस्कृति और साहसिक गतिविधियों की अपार संभावनाओं को नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई।

मुख्यमंत्री ने नयार घाटी में पैराग्लाइडिंग प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना की घोषणा करते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही विकासखंड पोखड़ा में रसलवाँण दीवा मंदिर, बीरोंखाल में कालिंका मंदिर, एकेश्वर में एकेश्वर महादेव मंदिर और पाबौ में चम्पेश्वर महादेव मंदिर से जुड़े विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई।

स्टॉल निरीक्षण और लाभार्थियों को सहायता

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की लाभार्थी करिश्मा और सलोनी को महालक्ष्मी किट वितरित की गई, वहीं योगिता की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। समाज कल्याण विभाग के लाभार्थी तुलसीदास और बीरेन्द्र को दिव्यांग उपकरण प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री ने महिला समूहों, स्थानीय नागरिकों, साइक्लिस्टों और एंगलरों से संवाद कर उनके अनुभव जाने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर बल दिया।

एडवेंचर गतिविधियों का फ्लैग ऑफ

मुख्यमंत्री ने पैराग्लाइडिंग, पैरामोटरिंग, हॉट एयर बैलून, माउंटेन बाइकिंग, कयाकिंग, एंगलिंग, जिपलाइन, बर्मा ब्रिज और रिवर्स बंजी जैसी साहसिक गतिविधियों का फ्लैग ऑफ कर औपचारिक शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि नयार घाटी प्राकृतिक सौंदर्य और रोमांच का अनूठा संगम है, जो इसे एडवेंचर टूरिज्म का आदर्श केंद्र बनाता है।

होली की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के संतुलित और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि श्रीनगर में 650 करोड़ रुपये की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण प्रगति पर है। खोह नदी को स्वच्छ बनाने के लिए 135 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है। कोटद्वार में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट, मालन नदी पर पुल निर्माण, पौड़ी के गड़िया गांव में प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, तथा सतपुली, कोटद्वार और अन्य क्षेत्रों में खेल, स्वास्थ्य और पर्यटन से जुड़ी परियोजनाओं पर कार्य जारी है।

मुख्यमंत्री ने “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 दिसंबर 2025 से शुरू इस अभियान के तहत प्रशासनिक टीमें न्याय पंचायत स्तर तक पहुंचकर प्रमाणपत्र और योजनाओं का लाभ घर-घर पहुंचा रही हैं।

पर्यटन मंत्री का वक्तव्य

सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को देश-विदेश में प्रमुख एडवेंचर टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नयार वैली फेस्टिवल इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित करेगा।

विधायक की मांग

विधायक राजकुमार पोरी ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि यह महोत्सव पौड़ी को पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने नयार वैली फेस्टिवल को स्थायी रूप से आयोजित किए जाने का अनुरोध भी किया।

प्रशासन की सराहना

बिलखेत में जिला प्रशासन द्वारा एक ही मंच पर 10 अलग-अलग गतिविधियों का सफल संचालन किया गया। रोमांचक, सांस्कृतिक और जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों ने आयोजन को विशेष बना दिया। यह आयोजन सुव्यवस्था, नवाचार और समन्वित प्रशासनिक क्षमता का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा।


Our News, Your Views