प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब 9 नवंबर को शामिल होंगे उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी 3 नवंबर को विशेष सत्र में संबोधन

Our News, Your Views

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब 9 नवंबर को शामिल होंगे उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी 3 नवंबर को विशेष सत्र में संबोधन

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती इस बार ऐतिहासिक अंदाज में मनाई जाएगी। राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर 1 नवंबर से 11 नवंबर तक पूरे प्रदेश में विशेष आयोजन किए जा रहे हैं। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों उत्तराखंड पहुंचेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब 11 नवंबर की बजाय 9 नवंबर को उत्तराखंड आएंगे। वे देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) में आयोजित मुख्य समारोह में शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री के सचिव विनय शंकर पांडे ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे से जुड़े सभी प्रोटोकॉल पूरे किए जा रहे हैं और कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियां जारी हैं।

वहीं, 3 नवंबर को उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू विशेष संबोधन देंगी। यह सत्र राज्य के विकास और 25 वर्षों की उपलब्धियों पर केंद्रित रहेगा।

रजत जयंती समारोह का विस्तृत कार्यक्रम

राज्य सरकार ने 1 से 11 नवंबर तक प्रदेशभर में आयोजन तय किए हैं—

  • 1 नवंबर: मुख्यमंत्री आवास में शाम को ईगास पर्व और कॉमेडी फेस्ट का आयोजन।

  • 2 नवंबर: पर्यटन विभाग की जौलीकॉंग-आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन व शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम।

  • 3 नवंबर: विधानसभा में राष्ट्रपति का अभिभाषण और कॉमेडी फेस्ट का समापन समारोह।

  • 4 नवंबर: विधानसभा सत्र का दूसरा दिन, काशीपुर में नगर निकाय सम्मेलन।

  • 5 नवंबर: दून विश्वविद्यालय में प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन और हरिद्वार में पारंपरिक खेल चैंपियनशिप।

  • 6 नवंबर: हरिद्वार में संत सम्मेलन, दून में रोजगार मेला, रामनगर में जन-वन उत्सव और हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन

  • 7 नवंबर: पंतनगर में कृषक सम्मेलन

  • 8 नवंबर: राज्य आंदोलनकारियों व महिलाओं के सम्मान समारोह।

  • 9 नवंबर: राज्य स्थापना दिवस का मुख्य दिन—सुबह पुलिस लाइन में रैतिक परेड और शाम को एफआरआई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में मुख्य समारोह

  • 10 नवंबर: शीतकालीन पर्यटन सम्मेलन

  • 11 नवंबर: रजत जयंती समापन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम।

देहरादून स्थित एफआरआई में प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी में होने वाला कार्यक्रम रजत जयंती का सबसे बड़ा आयोजन माना जा रहा है। एफआरआई परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, जहां राज्य की सांस्कृतिक झलकियों और विकास यात्रा की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

प्रदेश सरकार इस पूरे आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों में राज्य स्थापना से जुड़े कार्यक्रमों को भव्य और अनुशासित तरीके से संपन्न कराएं।


Our News, Your Views