नैनीताल में 121 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, उधम सिंह नगर में 490 लोगों का सत्यापन
हरिद्वार/नैनीताल/उधम सिंह नगर। प्रदेश में नशा तस्करों और संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। नैनीताल जिले में पुलिस ने 121 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं, उधम सिंह नगर में व्यापक सत्यापन अभियान के तहत 490 लोगों का भौतिक सत्यापन कर 83 के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
बनभूलपुरा से 121 ग्राम स्मैक बरामद
नैनीताल एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान गौला बाईपास रोड पर एक संदिग्ध युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 121 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान मोहम्मद उमेर (24 वर्ष) निवासी अजीज गली, बरेली (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी टांडा, शेखपुरा (हल्द्वानी) के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बरेली से स्मैक लाकर बनभूलपुरा क्षेत्र में सप्लाई करता था। उसके खिलाफ कोतवाली बनभूलपुरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी की अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की भी जांच कर कुर्की की कार्रवाई करेगी।
नवंबर से अब तक 55 तस्करों पर कार्रवाई
एसएसपी के अनुसार नवंबर माह से अब तक जिले में नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में 55 तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 44 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इस दौरान पुलिस ने 7.96 किलोग्राम चरस, 768.32 ग्राम स्मैक, 83 किलोग्राम गांजा, 180 नशीली गोलियां, 24 कैप्सूल और 993 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं।
रामनगर और लालकुआं में भी गिरफ्तारी
रामनगर क्षेत्र में पुलिस ने 9.84 किलोग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, लालकुआं में दो आरोपियों को 7.68 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
सीमावर्ती उधम सिंह नगर में व्यापक सत्यापन अभियान
अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं से जुड़े उधम सिंह नगर जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया है। यह जिला अंतरराष्ट्रीय सीमा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई जिलों से भी जुड़ा हुआ है। सीमा से सटे होने के कारण कई बार अपराधी वारदात को अंजाम देकर राज्य की सीमा पार कर फरार हो जाते हैं, जिससे गिरफ्तारी चुनौतीपूर्ण हो जाती है।
इसी चुनौती से निपटने के लिए उधम सिंह नगर एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस टीम बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों, होटल और गेस्ट हाउस में ठहरे लोगों, डिलीवरी कर्मियों तथा निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों का भौतिक सत्यापन कर रही है।
अब तक 490 लोगों का सत्यापन किया जा चुका है, जिनमें से 83 व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि अपराध और नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
