राज्य स्थापना की रजत जयंती पर सभी पुलिस कार्मिकों को विशेष पदक, CM धामी ने पुलिस स्मृति दिवस पर की चार बड़ी घोषणाएं
देहरादून, 21 अक्तूबर। राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस के सभी कार्मिकों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस कार्यक्रम में यह घोषणा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल को समर्पित चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

कार्यक्रम में सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सीमाएं न केवल अंतरराष्ट्रीय सीमा से जुड़ी हैं, बल्कि उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से भी सटी हुई हैं। ऐसे में राज्य की सुरक्षा में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को नमन करते हुए कहा कि पुलिस बल राज्य की सुरक्षा की रीढ़ है।
सीएम धामी की चार प्रमुख घोषणाएं:
क्रमांक | घोषणा |
---|---|
1 | राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सभी पुलिस कार्मिकों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा |
2 | पुलिस कर्मियों के आवास निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये की धनराशि अगले तीन वर्षों तक दी जाएगी |
3 | एसडीआरएफ जवानों के लिए पांच नई बैरिकों का निर्माण किया जाएगा |
4 | पुलिस कल्याण कोष को 2.5 करोड़ से बढ़ाकर 4.5 करोड़ रुपये किया गया |
शहीद कार्मिकों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में इस वर्ष कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए उत्तराखंड पुलिस के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। शहीदों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की गई और सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस जवानों का बलिदान राज्य कभी नहीं भूलेगा।
देशभर के शहीदों को नमन
कार्यक्रम में डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि पुलिस स्मृति दिवस पूरे देश में हर साल 21 अक्तूबर को मनाया जाता है। यह दिन 1959 में लद्दाख में चीनी सेना के हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के 10 जवानों की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान 186 पुलिसकर्मियों ने शहादत दी, जिनमें उत्तराखंड पुलिस के 4 जवान भी शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य पुलिस सतत चुनौतियों के बीच जनसेवा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। सरकार पुलिस बल के आधुनिकीकरण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।