राज्य की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने ली शपथ- उत्तराखंड ने रचा इतिहास

Spread the love

उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के अध्यक्ष पद पर कोटद्वार से भाजपा विधायक ऋतु खंडूड़ी भूषण को निर्विरोध चुन लिया गया है। उत्तराखंड के प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत द्वारा ऋतु खंडूड़ी को पद और गोपनियता की शपथ दिलाई गयी। उत्तराखंड के इतिहास में ऐसा बार हुआ है जब किसी महिला को विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।

बता दें कि उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से विधानसभा अध्यक्ष के पद पर पुरुष ही काबिज रहे हैं। सदन के वरिष्ठ विधायकों ने ऋतु खंडूड़ी भूषण को पदभार कराया ग्रहण। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी सदन में मौजूद रहे। नव निर्वाचित विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने सदन को संबोधित किया। इस दौरान उन्‍होंने निर्विरोध चुने जाने पर सदन के सभी सदस्यों का धन्यवाद किया।
गौरतलब है कि ऋतु खंडूड़ी दूसरी बार विधायक बनी हैं। 2017 के विधानसभा चुनाव में ऋतु खंडूड़ी पौड़ी जिले की यमकेश्वर विधानसभा सीट से चुनाव जीती थी। हालांकि, इस बार बीजेपी ने उन्हें कोटद्वार विधानसभा सीट से मैदान में उतारा था।
इस अवसर पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ऋतु खंडूड़ी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि राज्य विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष चुने जाने पर मैं उन्हें बधाई देता हूं। वह सदन को अच्छे से चलाएंगी और उनके नेतृत्व में हमारी विधानसभा नया इतिहास रचेगी।

Spread the love