रोड रेज और हुड़दंग पर सख्त हुआ प्रशासन, गश्त बढ़ाने और कड़ी कार्रवाई के निर्देश
देहरादून, 1 अप्रैल। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में कानून-व्यवस्था की समीक्षा को लेकर गृह और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर में बढ़ रही रोड रेज और हुड़दंग की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने एसएसपी देहरादून को निर्देश दिए कि सभी थाना प्रभारियों को पीक ऑवर में विशेष सतर्कता बरतते हुए गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी प्रभावी बनाने को कहा।
बैठक में बार और रेस्टोरेंट के संचालन समय को सख्ती से लागू करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि सप्ताहांत पर देहरादून को पार्टी और हुड़दंग का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा। इसके लिए हुड़दंगियों पर कड़ी कार्रवाई के साथ ही बार संचालकों को भी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया जाए।
उन्होंने नियमों का उल्लंघन करने वाले बार और अवैध रूप से संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही लापरवाह अधिकारियों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने शहर के आसपास संचालित होम स्टे की निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी होम स्टे की मैपिंग की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि टूरिज्म प्रमोशन के लिए बने ये होम स्टे कहीं बार लाइसेंस लेकर नियमों का दुरुपयोग तो नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने दिल्ली-देहरादून हाईवे के खुलने के बाद सप्ताहांत में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अभी से तैयारियां करने के निर्देश दिए। साथ ही किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों का सघन सत्यापन अभियान चलाकर असामाजिक तत्वों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा।
