उत्तराखंड में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजे आने शुरू हो गए हैं। 100 नगर निकायों में हुए चुनाव की मतगणना शनिवार सुबह 8 बजे से जारी है। 54 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना हो रही है। प्रदेश के 30.29 लाख मतदाताओं में से 19.81 लाख ने मतदान में भाग लिया, जो कुल मतदान का 65.4% है।
भाजपा ने बनाए बढ़त के नए रिकॉर्ड—
भाजपा ने 100 में से 35 सीटों पर जीत हासिल कर ली है और 6 अन्य सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। खास बात यह है कि 5 नगर निगमों में से 4 पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। देहरादून में भाजपा के मेयर पद के उम्मीदवार सौरभ थपलियाल और ऋषिकेश में शंभू पासवान अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं।

कांग्रेस को बड़ा झटका—
कांग्रेस के लिए यह चुनाव निराशाजनक रहा। पार्टी एक भी नगर निगम पर कब्जा नहीं कर पाई, हालांकि हल्द्वानी-काठगोदाम में कांग्रेस के ललित जोशी बढ़त बनाए हुए हैं।
निर्दलीयों का प्रदर्शन भी प्रभावशाली—
निर्दलीय उम्मीदवारों ने 13 सीटों पर जीत हासिल की और 10 सीटों पर बढ़त बनाई। बहुजन समाज पार्टी ने भी दो सीटों पर बढ़त हासिल की है।
सीएम धामी की प्रतिक्रिया—
निकाय चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सफलता पूर्वक संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, प्रशासन और प्रदेश की देवतुल्य जनता का सहृदय आभार। साथ ही, निकाय चुनाव में विजयी सभी प्रत्याशियों को हार्दिक शुभकामनाएं।
जनता जनार्दन ने अपने मतरूपी आशीष से सुयोग्य जनप्रतिनिधियों का चयन…
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) January 25, 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा की इस जीत को पार्टी की नीतियों और जनता के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी शहरी निकायों के माध्यम से सुदृढ़ कचरा निपटान प्रणाली और स्वच्छ, हरित शहरों की दिशा में काम करेगी।
चुनाव के मुख्य आंकड़े—
- मतदान प्रतिशत: 65.4%
- कुल मतदाता: 30.29 लाख
- उम्मीदवार: 5,405
- मेयर पद: 72 उम्मीदवार
- नगर परिषद अध्यक्ष: 445 उम्मीदवार
- पार्षद व सदस्य: 4,888 उम्मीदवार
मतगणना अभी जारी है और अगले कुछ घंटों में सभी नतीजे घोषित होने की संभावना है। भाजपा ने जहां अपनी पकड़ मजबूत की है, वहीं कांग्रेस और अन्य दलों को जनता के फैसले से निराशा हाथ लगी है।