Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड रहेगी बरकरार, इन जिलों में बारिश-बर्फबारी का अंदेशा

Spread the love

उत्तराखंड में मौसम की मार से सभी परेशान हैं। जहां एक ओर लगातार प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, तो वहीं दूसरी ओर घने कोहरे के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आज कुछ पर्वतीय जनपदों का बारिश और बर्फबारी को लेकर इंतजार खत्म हो सकता है। मौसम विभाग की मानें तो गढ़वाल में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जनपद में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसी तरह कुमाऊं मंडल में बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद में भी हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसी तरह मैदानी जनपदों के लिए भी मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग ने हरिद्वार और उधम सिंह नगर में घना कोहरा छाए रहने की उम्मीद जताई है। देहरादून, पौड़ी और नैनीताल में भी मध्यम कोहरे के साथ ही सर्द हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं।

मैदानी क्षेत्रों में जहां कोहरा परेशानी खड़ा कर रहा है। वहीं अभी पहाड़ों में पाले का प्रकोप छाया हुआ है। देहरादून में भी सुबह के समय कई क्षेत्रों में कोहरा छा रहा है, जबकि पिछले दो दिनों से दिन के समय चटख धूप खिल रही है। दिन के समय धूप ठंड से राहत दे रही है लेकिन सुबह और शाम के समय ठिठुरन भरी ठंड हो रही है। सुबह शाम के समय हो रहे कोहरे के कारण रेल और हवाई सेवाओं पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है।  कोहरे के कारण देहरादून आने वाली फ्लाइट आधे से एक घंटे तक देरी से पहुंच रही हैं। वहीं, दून पहुंचने वाली ट्रेनों का समय भी निर्धारित से आठ से 10 घंटे तक लेट हो गया है। ऊधम सिंह नगर के पंतनगर एयरपोर्ट पर पिछले 20 दिन से उड़ानें नहीं भरी जा रही हैं। मंगलवार को भी पंतनगर आने वाली दिल्ली की दो व जयपुर की एक फ्लाइट निरस्त रही।


Spread the love