उत्तराखंड में मौसम ने बदली करवट: केदारनाथ-हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड
(देहरादून | द माउंटेन स्टोरीज़)
उत्तराखंड में आज मौसम ने अचानक करवट बदल ली। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद रविवार को प्रदेशभर में बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंडक बढ़ गई। वहीं, केदारनाथ धाम और हेमकुंड साहिब में इस सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में बारिश
रुद्रप्रयाग जिले में विश्वविख्यात केदारनाथ धाम की पहाड़ियों पर रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे से बर्फ गिरनी शुरू हुई। धाम और आसपास के इलाकों में सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी के बाद केदारपुरी में ठंड में तेज इजाफा हुआ है। वहीं, देश-विदेश से आए तीर्थयात्री बर्फबारी का आनंद लेते नजर आए। प्रशासन ने यात्रियों के लिए अलाव और गर्माहट की व्यवस्था की है।
उधर, हेमकुंड साहिब और यमुनोत्री धाम में भी बर्फबारी और बारिश का असर देखा गया। यमुना घाटी में ऊंची चोटियों पर बर्फ गिरी, जबकि निचले इलाकों में बूंदाबांदी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने राज्य के आठ जिलों — देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी और हरिद्वार — में तेज बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं, अन्य पांच जिलों में तेज हवाओं और हल्की बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के निदेशक सी.एस. तोमर ने बताया कि निम्न दबाव क्षेत्र बनने से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम खराब रहने की संभावना है। खासकर 6 और 7 अक्टूबर को भारी से भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।
केदारनाथ धाम में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
बर्फबारी के बावजूद केदारनाथ धाम में भक्तों की भीड़ में कोई कमी नहीं आई है।
इन दिनों धाम में रोजाना 10 हजार से अधिक यात्री पहुंच रहे हैं। अब तक 16 लाख 45 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं।
23 अक्टूबर को कपाट बंद होने से पहले बाबा के दरबार में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने स्वास्थ्य, सफाई और ठहराव की व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त की हैं।
यात्रा मार्गों पर 450 से अधिक पर्यावरण मित्र सफाई व्यवस्था संभाले हुए हैं, जबकि स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है।
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलते समय गर्म कपड़े और जरूरी सामान साथ रखें।
हेलीकॉप्टर सेवाएं प्रभावित
बर्फबारी के कारण दोपहर बाद केदारनाथ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं बाधित रहीं और कई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। हालांकि, पैदल मार्ग और अन्य सुविधाएं सामान्य रूप से संचालित हैं।
आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान और गिर सकता है।
पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में बारिश और ठंडी हवाओं से मौसम सर्द हो जाएगा।