उत्तराखंड में 4 दिसंबर से मौसम बदलने के आसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना

Our News, Your Views

उत्तराखंड में 4 दिसंबर से मौसम बदलने के आसार, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना

देहरादून: उत्तराखंड में दो महीने से जारी शुष्क मौसम के कारण ठंड का असर मौसम में साफ झलकने लगा है। दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है, लेकिन सामान्य तापमान में खास गिरावट न होने से प्रदेश भर में सूखी ठंड लोगों को परेशान कर रही है।

सोमवार को मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पर्वतीय जिले नई टिहरी में दिन का तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 20.6 डिग्री और रात का तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 9.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।

मुक्तेश्वर में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो दोनों ही सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अक्तूबर से प्रदेश भर में धूप खिलने के कारण दिन और अब रात का तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है।

4 दिसंबर से मौसम लेगा करवट

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार तीन दिसंबर तक मौसम सूखा रहने की संभावना है। इसके बाद चार दिसंबर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा।

उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। साथ ही 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इस बदलाव का प्रभाव प्रदेश में सात दिसंबर तक बना रह सकता है।

प्रदेश में लंबे समय से बारिश-बर्फबारी न होने की वजह से पहाड़ों में भी ठंड का असर अपेक्षाकृत कम महसूस हो रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों के लोगों को आने वाले दिनों में मौसम के बदलाव के अनुसार तैयार रहने की सलाह दी है।


Our News, Your Views