मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से की राज्य में विमानन क्षेत्र के विकास की विस्तार से चर्चा

Our News, Your Views

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से की राज्य में विमानन क्षेत्र के विकास की विस्तार से चर्चा

नई दिल्ली। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से भेंट कर राज्य में विमानन क्षेत्र के विकास, हवाई संपर्क सुधार तथा पर्यटन को नई गति देने से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की ओर से केंद्रीय मंत्री का विमानन क्षेत्र में सहायक कदम उठाने के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से प्रदेश के हवाई अड्डों पर स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु अम्ब्रेला ब्राण्ड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के अंतर्गत कियोस्क स्थापित करने की पहल की सराहना की। उन्होंने बताया कि इससे प्रदेश के हस्तशिल्प, पर्यटन उत्पाद और अन्य स्थानीय वस्तुएं राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान प्राप्त कर रही हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मानसून समाप्ति के बाद चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाओं को पुनः प्रारंभ करने की योजना की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। यह सेवा विशेष रूप से बुजुर्ग, दिव्यांग और असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक मानी जा रही है। उन्होंने बताया कि इस दिशा में राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार के विभागों के मध्य समन्वय प्रक्रिया जारी है तथा उच्चस्तरीय बैठक में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी प्राप्त हो चुके हैं।

पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के वनाच्छादित होने का हवाला देते हुए गौचर (चमोली) और चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों को छोटे विमान संचालन हेतु विकसित करने और इन्हें दिल्ली, देहरादून और हिंडन से जोड़ने का अनुरोध किया। इससे न केवल चारधाम यात्रा की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में भी आसानी होगी। साथ ही, उन्होंने जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर रात्रिकालीन हवाई सेवा संचालन का भी अनुरोध किया ताकि अधिक से अधिक यात्री विमान सेवा का लाभ ले सकें।

इसके अतिरिक्त, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए आवश्यक कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं, जिसे शीघ्र प्रारंभ करने हेतु भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को निर्देशित करने की बात भी मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय सम्पर्क योजना के तहत दिल्ली-पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा शीघ्र प्रारंभ करने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि यह सेवा राज्य के पर्यटन के साथ-साथ सामरिक एवं मानवीय दृष्टिकोण से अत्यंत लाभकारी होगी।

अंत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री से अनुरोध किया कि इन प्रस्तावों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

यह बैठक उत्तराखंड में विमानन क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने तथा पर्यटन व नागरिक सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


Our News, Your Views